Home CRIME NEWS एमएलसी एवं सदर विधायक ने किया पार्क का भूमि पूजन

एमएलसी एवं सदर विधायक ने किया पार्क का भूमि पूजन

10
0

रिपोर्ट-इमामी खां

 महोबा। ऐतिहासिक चन्देलकालीन रहिलिया सूर्य मन्दिर के समीप स्थित सूर्यकुण्ड में लगभग अस्सी  लाख की लागत से बनने वाले पार्क का भूमि पूजन सदर विधायक एवं विधान परिषद सदस्य द्वारा किया गया।
नगर पालिका परिषद महोबा द्वारा पन्द्रहवां वित्त आयोग निधि के अन्तर्गत रहिलिया सूर्य मन्दिर के पास बने हुए सूर्य कुण्ड परिसर में लगभग अस्सी लाख की लागत से आकर्षक पार्क निर्मित कराया जाना है। शनिवार को सदर विधायक राकेश कुमार गोस्वामी एवं विधान परिषद सदस्य जितेन्द्र सिंह सेंगर द्वारा भूमि पूजन किया गया। इस मौके पर सदर विधायक राकेश कुमार गोस्वामी ने कहा कि भारतवर्ष में मात्र दो सूर्य मन्दिर निर्मित हैं, जिसमें एक कोणार्क का सूर्य मन्दिर है और दूसरा रहिलिया का सूर्य मन्दिर, जिसे देखने पर्यटक आते हैं। सूर्य कुण्ड पार्क का निर्माण होने से आने वाले पर्यटकों में निश्चित रूप से वृद्धि होगी। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुन्देलखण्ड क्षेत्र के महोबा जनपद को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किये जाने के लिए अनेकों निर्माण कार्य कराये जा रहे हैं जिसके प्रत्यक्ष प्रमाण पर्यटन विभाग द्वारा गोरखगिरि पर्वत में अनवरत् चल रहे निर्माण कार्य हैं। सदस्य विधान परिषद जितेन्द्र सिंह सेंगर ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार बुन्देलखण्ड क्षेत्र के विकास में पूरा ध्यान दे रही है जिसके परिणाम स्वरूप कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस वे, महोबा का रिंग रोड, रेलवे लाइन का दोहरीकरण का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। डॉ सन्तोष चौरसिया अध्यक्ष नगर पालिका परिषद महोबा ने जानकारी देते हुए बताया कि आम जनमानस एवं आने वाले पर्यटकों की सुविधा एवं प्राकृतिक सुन्दरता के दृष्टिगत सूर्य कुण्ड पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। पार्क में आकर्षक फूल-पौधे, बच्चों के लिए झूले तथा व्यापक प्रकाश व्यवस्था की जायेगी जिससे पार्क मनमोहक और सुन्दर लगेगा तथा यहां आने वाले पर्यटकों को आनन्द की अनुभूति होगी। शिलान्यास के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा,भाजपा महोबा मण्डल अध्यक्ष पुष्पेन्द्र गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि रोहित शर्मा, सभासदगण नगर पालिका सुरेन्द्र तिवारी, मोहम्मद रईस, राहुल सेन, ललित पटेल, राजेश कुमार, नीतू बृजेन्द्र साहू साधना राजू गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि बलवान, संदीप, अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार, सहायक अभियन्ता विकास शुक्ला, लेखाकार अरूण शुक्ला, अवर अभियन्ता मनोज कुमार गुप्ता राजेश त्रिपाठी,ठेकेदार,पालिकाकर्मी, गणमान्य लोग उपस्थित रहे।