Home CRIME NEWS एसडीएम,सीओ के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध...

एसडीएम,सीओ के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध अभियान

8
0

पुलिस व प्रशासन की बड़ी कार्यवाही,85 लीटर कच्ची शराब बरामद,करीब 12 हजार लीटर अवैध लहन व उपकरण नष्ट

रिपोर्ट-इखलाक अहमद

कुलपहाड़/महोबा। पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह के निर्देशन में जनपद महोबा पुलिस-प्रशासन द्वारा अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु निरंतर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के क्रम में आज थाना कुलपहाड़ क्षेत्रान्तर्गत क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ रविकांत गोंड एवं उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ प्रदीप कुमार के संयुक्त नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा बड़ी और निर्णायक कार्यवाही की गई।उक्त कार्यवाही के दौरान औने पूरा डेरा एवं गौरा तालाब डेरा,बेलाताल (कुलपहाड़) क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची शराब के निर्माण की सूचना पर सघन छापेमारी की गई। मौके पर अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त लगभग 12,000 लीटर अवैध लहन 9 सीमेंट व ईंट से निर्मित हौजों में संग्रहित पाया गया, जिसे हौज सहित पूर्णतः नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त 4 बड़े लोहे के बॉयलर तोड़े गए तथा अन्य समस्त उपकरण एवं कच्ची सामग्री को भी विधिवत रूप से नष्ट कराया गया।छापेमारी के दौरान टीम द्वारा मौके से 85 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस कार्यवाही से अवैध शराब माफियाओं को बड़ा आर्थिक झटका लगा है तथा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश स्थापित हुआ है। इस संयुक्त अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक कुलपहाड़ विनोद कुमार सिंह, प्रभारी चौकी बेलाताल सुजीत जायसवाल सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। पूरी कार्यवाही को विधिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सम्पन्न कराया गया। महोबा पुलिस-प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर एवं निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।