डीएम कार्यालय का घेराव कर उठाई दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की माँग
रिपोर्ट-इमामी खां

महोबा। गौशालाओं में हुई सैकड़ों गौवंशों की मौत से आक्रोशित हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए डीएम कार्यालय का घेराव कर गौवंशों की मौत के मामले में दोषी कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा डीएम कार्यालय के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और आक्रामक नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई। सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शनकारियों को समझाने पहुंचे एडीएम,एसडीएम और सीओ सदर को वापस बैरंग लौटना पड़ा। हालांकि मामले की प्रारम्भिक जाँच के बाद दो ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित कर सबंधित ग्राम प्रधानों को नोटिस दिया गया है लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ता और पदाधिकारी गौवंशों की मौत के मामले में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे आखिरकार देरशाम प्रशासन की सूझबूझ से मामले को शांत करा दिया गया। मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में विगत दिवस कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम इंद्रहटा एवं ग्राम बुधवारा की गौशालाओं में मृत पड़े मिले सैकड़ो की संख्या में गौवंशों की मौत से आक्रोशित बजरंग दल,विश्व हिंदू परिषद,विश्व हिंदू महासंघ सहित अन्य हिंदू संगठनों के बैनर तले इकट्ठा हुए सैकड़ो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर मामले में लापरवाह कर्मचारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। विगत दिवस इंद्रहटा और बुधवारा ग्राम की गौशालाओं में संरक्षित पशुओं के बड़ी संख्या में मृत मिलने के बाद से हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा मौके पर पहुँचकर जोरदार प्रदर्शन किया गया था और आज कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करने का आवाहन किया गया था। प्रदर्शनकारी हिंदू संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि मामले को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को दर्जनों बार फोन लगाकर बात करने की कोशिश की गई लेकिन अधिकारियों द्वारा फोन रिसीव करना जरूरी नहीं समझा गया। जिस पर हिंदू संगठन और उनके कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि योगी सरकार गौवंशों को संरक्षित करने के लिए करोड़ों रुपए का बजट भेज रही है,लेकिन जनपद में बैठे जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते गौवंश काल के गाल में समा रहे हैं,यह गौवंश हमारी माता कहलाते हैं अगर कोई हमारी माता को इस तरीके से प्रताड़ित कर जान से मारेगा तो हम उसे बख्सेंगे नहीं। प्रदर्शनकारियों को समझाने पहुंचे अपर जिलाधिकारी कुंवर पंकज,एसडीएम सदर शिवध्यान पाण्डेय,सीओ सदर अरुण कुमार सिंह,शहर कोतवाल मनीष कुमार पाण्डेय को प्रदर्शनकारियों के पास से बैरंग वापस लौटना पड़ा। हालांकि मामले की प्रारम्भिक जाँच के बाद दो ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया गया है और ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी किया गया है,लेकिन हिन्दू संगठनों के पदाधिकारी मुकदमा दर्ज कराने की माँग पर अड़े रहे तब जाकर देर शाम अपर जिलाधिकारी कुंवर पंकज द्वारा दोषियों के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया गया।
प्रारम्भिक जाँच के बाद दो सचिवों को निलंबित किया गया : अपर जिलाधिकारी

महोबा।
अपर जिलाधिकारी कुँवर पंकज ने बताया कि कुलपहाड़ तहसील के इन्द्रहटा और बुधवारा गांव में गौशाला से दूर कुछ मृतक पशु और कंकाल पाए गए थे इस मामले ने जिलाधिकारी ने दो सचिवों को निलंबित कर दिया है और ग्राम प्रधान को नोटिस दिया गया है।











