जिलाधिकारी ने बैठक कर की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा
नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने को संचालित परियोजनाएँ जल्द पूरी करने के निर्देश
रिपोर्ट-इमामी खां

महोबा। जनपद के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने हेतु निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज की अध्यक्षता में सम्पन्न हुयी। चरखारी नगर पुर्नगठन पेयजल योजना, खरेला नगर पुर्नगठन पेयजल योजना तथा कबरई नगर पुर्नगठन पेयजल योजनाओं की निर्माण प्रगति अत्यन्त कम होने पर जिलाधिकारी द्वारा अधिशाषी अभियंता जल निगम (नगरीय) को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि परियोजनाओं के अवशेष कार्यों को जनवरी के अन्तिम सप्ताह तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी द्वारा अधिशाषी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) को निर्देशित किया गया कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत जनपद की ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं के सुचारू रूप से संचालन हेतु जनपद में कार्यरत अन्य कार्यदायी संस्थाओं के नोडल विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए समस्याओं का निराकरण कराना सुनिश्चित करें। जनपद के ओवर हेड टेंकों की सफाई नियमित समयान्तराल पर करायें तथा आपूर्तित किए जा रहे जल का परीक्षण प्रयोगशालाओं में कराते हुए उनका रिकार्ड मेनटेन करें। पेयजल की समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति, अधिशाषी अभियंता जल निगम (ग्रामीण), अधिशाषी अभियंता जल निगम (नगरीय), सहायक अभियंता जल संस्थान, अधिशाषी अधिकारी स्थानीय निकाय एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों,प्रोजेक्ट मैनेजर्स सहित अन्य अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।











