ई-रिक्शा में सवार होकर मुख्यालय से वापस गाँव जा रहा था घायल बृजेंद्र
पिटाई कर मोबाइल और हजारों रुपये लूटकर ले जाने का आरोप लगा पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
रिपोर्ट-इमामी खां

महोबा। कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत झांसी-मिर्जापुर राजमार्ग स्थित ग्राम पचपहरा के पास ई-रिक्शा सवार युवक को रास्ते में रोक कर बाइक सवार अज्ञात युवकों द्वारा बेरहमी से पीट लहूलुहान कर हजारों रुपए की नगदी और मोबाइल लूटने का सनसनीखेज आरोप लगा है। बाइक सवार अज्ञात युवकों की दबंगई का शिकार हुए पीड़ित को इलाज के लिए जिला अस्पताल के आकस्मिक चिकित्सा अनुभाग में भर्ती कराया गया जहां तैनात डॉक्टर की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटना की जानकारी लेकर मामले की गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। प्राप्त विवरण के अनुसार ग्राम सूपा निवासी बृजेंद्र कुमार पुत्र हरिशंकर उम्र 38 वर्ष जिला मुख्यालय से ई-रिक्शा में सवार होकर वापस अपने गांव सूपा जा रहा था। ई-रिक्शा में एकदम दंपत्ति भी बैठा था। जैसे ही ई-रिक्शा ग्राम पचपहरा के पास पहुंचा तभी दो बाइकों में सवार पांच अज्ञात युवकों ने डंडा मार कर ई-रिक्शा रोक लिया और दंपति को डंडा मार कर धमकाते हुए मौके से भगा दिया। आरोप है कि युवकों द्वारा बृजेंद्र को घसीट कर सड़क किनारे ले जाया गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान दबंगों ने उसकी जेब में रखे साढ़े छह हजार रुपए एवं उसका मोबाइल छीन लिया और उसे लहुलुहान अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर महोबा मनीष कुमार पाण्डेय का कहना है की सूचना प्राप्त हुई थी घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करा उपचार कराया जा रहा है,मामले की हर पहलू से जांच पड़ताल की जा रही है जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।











