मर्यादा पुरूषोत्तम की भक्ति में डूबे नजर आए भक्त
धूमधाम के साथ मनाया गया मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभू श्री राम का जन्मोत्सव
जिले भर में निकाली गईं शोभा यात्राओं में सम्मिलित हुए उत्साहित भक्त
रिपोर्ट-इमामी खां

श्री रामजन्मोत्सव में पालकी को उठाकर चलते भक्त

शोभा यात्रा में शामिल भक्तों की भीड़

जनपद भर में मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाया गया। शोभा यात्रा में चल रहे भक्त राम भक्ति में सराबोर होकर भक्ति गीतों पर झूमते नजर आ रहे थे। शोभा यात्रा में भगवान की पालकी के साथ अन्य झाकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात रहा। जगह-जगह शोभा यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। रविवार को रामनवमी को लेकर शहर में सुबह से ही भक्तों की टोलियां चरखारी बाईपास में नवीन गल्ला मंडी में स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में जुटने लगी थी। दोपहर बाद भगवान की पालकी के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। इस मौके पर सदर विधायक पंडित राकेश गोस्वामी, सौरभ तिवारी, कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन चक्रपाणि त्रिपाठी,रमेश चंद्र, ओमनारायण तिवारी शामिल हुए। भक्ति में सराबोर भक्तों ने भगवान की पालकी को उठाया। लक्ष्मीनारायण मंदिर से शुरू हुई शोभा यात्रा जय श्री राम के उद्घोष के साथ शुरू हुई। शोभा यात्रा परमानंद तिराहा, बस स्टैंड से आल्हा चौक होते हुए ऊदल चौक सेे सुभाष चौक होते हुए शेखनपुरा से मुख्य बाजार होते हुए कोतवाली रोड से डाक बंगला पहुंचकर पूर्ण हुई। शोभा यात्रा में मथुरा और अयोध्या से आए कलाकारों के द्वारा भगवान श्रीकृष्ण और मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की झांकी पेश की गई। अयोध्या के श्रीराम मंदिर की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम सहित श्री कृष्ण और अन्य देवी देवताओं की झांकियां शामिल रहीं। भजन गायकों ने शानदार प्रस्तुति से समा बांध दिया। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहा। राम नवमी आयोजन समिति के नीरज रावत, विपिन भदौरिया,पंकज तिवारी, आदर्श तिवारी, अशोक अवस्थी, जागेश्वर चौरसिया, कौशल शर्मा, भूपेद्र साहू, शिवकुमार गोस्वामी, दाऊ तिवारी, प्रशांत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। जगह-जगह स्टाल लगाकर शोभा यात्रा में प्रसाद वितरित किया गया। चरखारी, खन्ना, बेलाताल, कुलपहाड़, अजनर, कबरई आदि में भी उत्साह के साथ श्री राम जन्मोत्सव पर शोभा यात्रा निकाली गई।
शोभा यात्रा में चल रहे भक्तों पर हुई पुष्प वर्षा
शोभा यात्रा में चल रहे भक्तों पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। समाजसेवियों सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा जगह-जगह स्टाल लगाकर भक्तों का स्वागत किया गया। रामनवमी पर जिले की गंगा जमुनी तहजीब देखने को मिली। स्टालों में मुस्लिम भाईयों ने भी स्वागत किया। जगह-जगह शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
भक्ति गीतों पर जमकर थिरके भक्त
शोभा यात्रा में इस बार दुर्गावाहनी के बैनर तले युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभा यात्रा में युवतियां और बेटियां भगवा रंग की ड्रेस में भक्तिगीतों पर थिरक रहीं थी। खुशी से सराबोर साधु संत भी शोभा यात्रा में थिरकतें हुए देखे गए। महिला पुलिस कर्मी सुरक्षा को लेकर शोभा यात्रा के साथ चल रहीं थीं। सुरक्षा व्यवस्था पर मजिस्ट्रेट नजर बनाए रहे।
भीषण गर्मी के बाबजूद भक्तों में दिखा गजब का उत्साह
पनवाड़ी
राम नवमी को लेकर नगर में निकली शोभा यात्रा में भीषण गर्मी के बाबजूद भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिला। नगर को भगवा रंग के ध्वजों से भक्तों ने पाट दिया था। दोपहर बाद नगर के रामजानकी बड़े मंदिर से शोभा यात्रा शुरू हुई जो बस स्टैंड से मैन बाजार, तिवारीपुरा,बनियाटपुरा, पठानपुरा, रहुनियां पुरा से होते हुए बडे मंदिर पहुंची। ग्राम प्रधान संजय द्विवेदी,धर्मेद्र यादव, भूपेंद्र यादव, प्रिंस अग्रवाल, सुधीश यादव, शिव अग्रवाल, शिव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक गुलाब त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।