Home CRIME NEWS वन विभाग की ज़मीन पर अवैध कब्ज़े का आरोप

वन विभाग की ज़मीन पर अवैध कब्ज़े का आरोप

19
0

जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी खड़े कर रही गंभीर सवाल

रिपोर्ट-इमामी खां

महोबा। मुख्यालय के भटीपुरा,शेखू नगर रिछारा में स्थित हनुमान मंदिर के पास वन विभाग की भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध कब्ज़ा करने का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुलेआम वन भूमि पर कब्ज़े की कोशिश की जा रही है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह मौन साधे हुए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, हनुमान मंदिर के पास स्थित वन विभाग की जमीन पर कब्ज़ा कर निर्माण की तैयारी चल रही है। इस पूरे प्रकरण में न सिर्फ प्रशासन की उदासीनता उजागर हो रही है, बल्कि यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि वन विभाग के कुछ अधिकारी स्वयं इस अवैध कब्ज़े को संरक्षण दे रहे हैं। यदि ये आरोप सही हैं, तो यह शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करता है। दूसरी ओर स्थानीय घनश्याम दास ने बताया कि उनकी निजी भूमि पर बना फार्म हाउस वर्षों से मौजूद है, लेकिन दबंग व्यक्ति द्वारा उनके गेट के सामने दीवार खड़ी कर दी गई है, जिससे उनका आवागमन बाधित हो गया है। घनश्याम दास ने न्याय की आस में उपजिलाधिकारी एवं जिलाधिकारी को पत्र देकर दबँगों द्वारा किए जा रहे कब्जे की शिकायत दर्ज करा मामले की जाँच करा दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने की माँग की गई। लेकिन दबँगों द्वारा किए गए कब्जे को अब तक हटाने का काम नहीं किया गया है। आरोप है कि पीड़ित द्वारा कोतवाली पुलिस को भी शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की माँग की गई लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। दबँग कब्जा धारियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से पीड़ित न्याय की आस में दर-दर भटकने को मजबूर है और दबंगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। दबँगों द्वारा किया गया सरकारी जमीन में कब्जे का मामला केवल एक व्यक्ति की परेशानी तक सीमित नहीं है, बल्कि वन विभाग की भूमि की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। अब देखना दिलचस्प होगा कि वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब चुप्पी तोड़कर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करते हैं।