एमपी के छतरपुर,टीकमगढ़ जिले की सीमा में फंसे अजनर थाना के धौर्रा गांव का मामला
हमलावरों की गोली से विपक्षी के साथ पक्ष का भी युवक हुआ घायल
घायलों को एमपी के नौगांव अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी किया गया रेफर
थाना,चौकी पुलिस ने हमलावरों की शुरू की तलाश

महोबा
सीमावर्ती राज्य मध्य प्रदेश के छतरपुर एवं टीकमगढ़ जिले की सीमा के बीचों बीच फंसे जनपद महोबा के अजनर थानाक्षेत्र अन्तर्गत ग्राम धौर्रा में शनिवार देरशाम उस समय हड़कंप के साथ अफरा तफरी मच गई,जब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में एक विपक्षी युवक है तथा दूसरा घायल युवक हमलावरों का साथी है। दोनों घायलों को चिकित्सीय उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव मध्य प्रदेश के जाया गया। वहां तैनात डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल झांसी रेफर कर दिया है। घटना की सूचना पर अजनर थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया एवं कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और चौकी पुलिस के साथ निरीक्षण किया तथा गोलीकांड मामले में जांच पड़ताल कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताते चलें कि थानाक्षेत्र अन्तर्गत ग्राम धौर्रा आता है। ग्राम निवासी 28 वर्षीय हेमंत उर्फ हेमू राजपूत पुत्र रामदास शनिवार को अपने खेत पर था और रखवाली कर रहा था। आरोप है कि देर शाम कुछ सजातीय लोग एक राय होकर हाथों में लाठी डंडा एवं अवैध तमंचे लेकर आए और गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि हेमंत ने विरोध किया तो हमलावरों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी,जो हेमंत के कंधे पर लगी और वह रक्तरंजित होकर गिर गया। वहीं फायरिंग की चपेट में आने से हमलावर पक्ष का 25 वर्षीय चंदन पुत्र खेमचंद्र भी गोली लगने से घायल हुआ है। दोनों घायलों को आनन फानन में उपचार के लिए सीमावर्ती छतरपुर जिले के नौगांव कस्बा स्थित अस्पताल ले जाया गया। जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया है। थाना अजनर थानाध्यक्ष व कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सहित धौर्रा चौकी इंचार्ज घटना की तहकीकात करने में लगे है। गोलीकांड से गांव में दहशत का माहौल है। हालांकि थानाध्यक्ष शांति व्यवस्था की बात कह रहे हैं।
पैसे के लेनदेन में घटित हुई गोलीकांड की घटना : थानाध्यक्ष
महोबा
जनपद के अजनर थाना एवं धौर्रा पुलिस चौकी अंतर्गत शनिवार की देर शाम घटित हुई गोलीकांड की घटना के पीछे थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया कहते हैं कि पीड़ित और हमलावर पक्ष के मध्य प्रथम दृष्टया पैसों का लेनदेन सामने आया है। मामले में गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।
गोलीकांड प्रकरण में एक घायल समेत तीन पर दर्ज हुआ मुकदमा
महोबा
जनपद के अजनर थानाक्षेत्र अन्तर्गत ग्राम धौर्रा में पैसों के लेनदेन को लेकर घटित हुए गोलीकांड प्रकरण में तीन लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष के अनुसार पीड़ित हेमंत राजपूत पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर प्रविंद,रोहिल व घायल चंदन पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें छापामार कार्यवाही कर रही हैं। कहा कि एक आरोपी चंदन घायल अवस्था में है और उपचार के लिए झांसी के अस्पताल में भर्ती है।
प्रेम प्रसंग में लड़की से विवाह हो सकता विवाद का मुख्य कारण
महोबा
जनपद के अजनर थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम धौर्रा में घटित हुए गोलीकांड के पीछे बीते हुए सालों में प्रेम प्रसंग के चलते सजातीय लड़की से विवाह कर गांव में ही निवास बनाकर रहना भी खुन्नस का कारण उभरकर सामने आ रहा है। हालांकि थानाध्यक्ष अजनर इस प्रकरण को नजर अंदाज कर पैसों के लेनदेन के विवाद को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं।करीब सात आठ साल पहले हमलावर पक्ष की एक लड़की ने पीड़ित पक्ष के युवक से प्रेम विवाह किया था। जबकि परिजन इस रिश्ते से खुश नहीं थे और उनके मन में कहीं न कहीं टीस जरूर रहती थी और यह टीस तब बढ़ गई,जब लड़की अपने प्रेमी पति सहित उनकी आंखों के सामने ही निवासरत हो गई। ग्रामीणों की माने तो घटना के पीछे यही तथ्य प्रमुख है।
यदि पैसों का विवाद था तो निरोधात्मक कार्यवाही क्यों नहीं की गई
महोबा
जनपद के अजनर थानाक्षेत्र अन्तर्गत ग्राम धौर्रा में शनिवार की देर शाम घटित हुए गोली कांड प्रकरण में यदि पीड़ित और हमलावरों में पैसे का लेनदेन था तो चौकी पुलिस द्वारा निरोधात्मक कार्यवाही क्यों नहीं की गई और बीट सिपाही और दरोगा ने बीट क्यों नहीं लिखाई। यह सवाल खाकी पर उठ रहा है। एक तरह अफसर बीट प्रणाली को मजबूत बनाने का दावा करते हैं और दूसरी तरफ बीट के जिम्मेदार गैर जिम्मेदाराना रवैया अख्तियार किए हैं। एसपी को इस ओर ध्यान दिए जाने की जरूरत है।