नाबालिग दलित किशोरी को भगा ले जाने के मामले में फरार चल रहा था मृतक अशोक
शव पोस्टमार्टम को भेज मामले की गहनता से जाँच पड़ताल में जुटी पुलिस
रिपोर्ट-श्रद्धांजलि नामदेव

कबरई/महोबा। संदिग्ध परिस्थितियों के चलते वर्षों से बंद पड़े पहाड़ में नाबालिग दलित किशोरी को भगा ले जाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी युवक का शव पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस सहित फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कबरई कस्बा के सिद्ध बाबा मंदिर के पास स्थित वर्षों से बन्द पड़े रमकुंडा पहाड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों के चलते युवक का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया और मामले की गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त खन्ना क्षेत्र के ग्राम सिरसी कला निवासी जगदीश कुशवाहा के 18 वर्षीय पुत्र अशोक के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक अशोक खन्ना थाने में विगत 26 दिसंबर को दर्ज कराए गए नाबालिग दलित किशोरी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित चल रहा था। खन्ना थाना पुलिस ने विगत 29 दिसम्बर को आरोपी के साथ गई किशोरी को बरामद कर न्यायालय में पेश कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर बना हुआ था और आज उसका शव कबरई थाना क्षेत्र के रमकुंडा पहाड़ में पड़ा मिला है। पहाड़ पर फरार आरोपी का शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही थाना पुलिस सहित फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की है। सूचना पर एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने सीओ सदर अरुण कुमार सिंह के साथ मौक़े पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेते हुए थाना पुलिस को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच पड़ताल में जुट गई है। मृतक अशोक के पिता जगदीश ने बताया कि अशोक आठ,दस दिनों से फरार चल रहा था।अशोक एक लड़की को लेकर गया था हमने उस लड़की को भी वापस उसके घर भेज दिया है। आज अशोक का शव पहाड़ में पड़ा मिला है। मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह का कहना है कि थाना कबरई क्षेत्र अन्तर्गत सिद्ध बाबा मंदिर के पास स्थित रमकुण्डा पहाड़ पर एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी। थाना पुलिस टीम द्वारा फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मृतक की पहचान अशोक कुमार निवासी ग्राम सिरसीकला के रूप में की गई। मृतक के परिजनों द्वारा फौती सूचना दी गई है। सूचना के आधार पर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई जा रही है।











