सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने लिया कुलपहाड़ बस स्टैंड में कराए गए सुंदरीकरण कार्य का जायजा

    28
    0

    रिपोर्ट-इखलाक अहमद

    कुलपहाड़/महोबा। परिवहन विभाग द्वारा नगर के रोडवेज बस स्टैंड का सुन्दरी करण मरम्मत का कार्य 80 लाख रुपए की लागत से कराया गया है, जिसमें इंटरलॉकिंग, सेल्फी प्वाइंट, सोलर लाइटिंग, दुकान निर्माण, यात्री प्रतीक्षालय एवं टिकट बुकिंग भवन का पुनरुद्धार कराया गया। जिसका निरीक्षण एआरएम महोबा प्रवीण कुमार द्वारा किया गया।
          झांसी मिर्जापुर राजमार्ग पर महोबा राठ रोड में एकमात्र बस स्टैंड कुलपहाड़ नगर में है। जिसका निर्माण लगभग 50 वर्ष पूर्व कराया गया था, लेकिन उसमें यात्री सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं था। जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कुलपहाड़ विकास समिति द्वारा बस स्टैंड के पुनर्निर्माण हेतु चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत एवं नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया को कई बार ज्ञापन दिया गया। जिनके अथक प्रयास से लगभग 80 लाख रुपए परिवहन मंत्री द्वारा स्वीकृत किया गया। इस निधि से बस स्टैंड के फर्श में इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया। विधायक निधि से बने प्रतीक्षालय में लोहे की जाली, दरवाजे, जंगले टायल्स एवं लाइटिंग का कार्य कराया गया। इसके अलावा दो दुकानों का निर्माण कराया गया। विद्युत व्यवस्था हेतु 5 किलो वाट का सोलर पावर सिस्टम लगाया गया। बस स्टैंड को वैभवशाली बनाने हेतु शोभाकारी फूलों की बगिया का निर्माण भी कराया गया। यात्रियों को गर्मियों में ठंडे पेयजल हेतु बोरिंग करा कर वाटर कूलर की व्यवस्था भी की गई।
          कार्य पूर्ण हो जाने पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महोबा प्रवीण कुमार व अवर अभियंता मनोज पांडेय ने नवनिर्मित बस स्टैंड का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों गेट पर बैरियर लगाने एवं प्रांगण में स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड की स्वच्छता और सुरक्षा का कार्य स्थानीय नागरिकों एवं यात्रियों पर है। उन्होंने एक सफाई कर्मी की नियुक्ति का भी आदेश दिया है।