Home Entertainment जनक नंदिनी सीता और दशरथ नंदन राम का प्रथम मिलन देखने को...

जनक नंदिनी सीता और दशरथ नंदन राम का प्रथम मिलन देखने को उमड़ी श्रोताओं की भीड़

15
0

ओरछा धाम के कलाकारों द्वारा किया गया पुष्प वाटिका का सफल मंचन

रिपोर्ट-इखलाक अहमद

कुलपहाड़/महोबा। नगर में चल रही आदर्श रामलीला मंडल के तत्वावधान में ओरछा धाम के कलाकारों द्वारा रविवार को पुष्प वाटिका का सफल मंचन किया गया।
     इस लीला में प्रथम बार जनक नंदिनी सीता और दशरथ नंदन राम का प्रथम मिलन हुआ, जिसे देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पुष्प वाटिका लीला में श्री राम के चरण रज से अहिल्या के उद्धार की मार्मिक लीला का सुंदर मंचन किया गया। इसके बाद प्रयागराज संगम में पंडों पुरोहितों का हास्य अभिनय हुआ, जिसने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। जनक जी के आमंत्रण पर मुनि विश्वामित्र के साथ मिथिला पुरी प्रस्थान के दौरान राम और लक्ष्मण ने नगर भ्रमण किया। पुष्प वाटिका में मिलने के दौरान मुनि विश्वामित्र ने राम और लक्ष्मण को उनकी मनोकामना पूर्ति हेतु ‘सुफल मनोरथ होय तुम्हारे राम लखन सुन भये सुखारे’ का आशीर्वाद दिया। लीला में गौरी पूजन करने आई सीता जी को माता गौरी जी ने उनकी मन की भावना समझ कर आशीर्वाद दिया। राम की भूमिका जीतू महाराज, सूपा लक्ष्मण की भूमिका कौशल शर्मा, जनक की भूमिका पप्पू महाराज, रावण रामकुमार, वाणासुर संतोष शर्मा तथा परशुराम की भूमिका संतोष चतुर्वेदी निभा रहे हैं। इस मौके पर रामलीला समिति के अध्यक्ष जागेश्वर प्रसाद यादव, संतोष सुल्लेरे, चंद्र नारायण द्विवेदी, रामराजा सोनी, मृदुल चौबे, अनिल अरजरिया, लला महाराज, राजू सोनी, अमित राजा सहित भारी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति रही।