अनियंत्रित होकर टकराईं तेज रफ्तार बाइकें
रिपोर्ट-इखलाक अहमद

कुलपहाड़/महोबा। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम मंगरौल कलां के पास तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत हो गई दुर्घटना में बाइक सवार दंपत्ति,मासूम सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों द्वारा सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुँचाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। प्राप्त विवरण के अनुसार ग्राम खैरारी निवासी 35 वर्षीय पुष्पेंद्र पत्नी जामवती और 6 वर्षीय पुत्र प्रतीक के साथ बाइक में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहा था जैसे ही उनकी बाइक मंगरौल कलां के पास पहुँची तभी विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक में सवार मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जनपद निवासी 21 वर्षीय अभिषेक प्रजापति भी घायल हो गया। बताया जाता है कि अभिषेक अपनी बहन को लेने के लिए मंगरौल कलां गांव जा रहा था,लेकिन गाँव पहुँचने से पहले ही वह हादसे का शिकार हो गया। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक की हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घायल पुष्पेंद्र,उसकी पत्नी और बच्चे का इलाज सीएचसी जैतपुर में चल रहा है।









