रिपोर्ट-इमामी खां
महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में जिलास्तरीय धरती माता बचाओ निगरानी समिति एवं स्केल ऑफ फाइनेन्स (वित्तमान निर्धारण वर्ष 2026-27) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलास्तरीय धरती माता बचाओ निगरानी समिति के सह-अध्यक्ष एवं दोनो समितियो के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। जिलाधिकारी द्वारा बैठक में निम्न निर्देश दिये गये। उपजिलाधिकारी/खण्ड विकास अधिकारी दो दिन के अन्दर तहसील स्तरीय व ग्राम स्तरीय निगरानी समितियों का सक्रिय करते हुए रबी सीजन की बैठक अवश्य करा लें। इसके लिये सभी पंचायत सचिवों/लेखपालों/ग्राम प्रधानों को आज ही निर्देशित कर दिया जाए। समितियों के गठन की सूचना तत्काल जिलास्तरीय निगरानी समिति को उपलब्ध करा दिया जाय। सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित हो रहे गोष्ठी/ किसान पाठशाला में ही गाम पंचायत स्तरीय निगरानी समितियों की प्रथम बैठक आयोजित करा लिया जाय। जनपद में वर्तमान समय में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। फिर भी यदि किसी क्षेत्र में उर्वरकों की कमी महसूस हो रही है तो तत्काल इसकी सूचना जिला कृषि अधिकारी/सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक (सहकारिता) को दिया जाय तथा त्वरित गति से सम्बन्धित क्षेत्र में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाय। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उपजिलाधिकारी कृषित भूमि के क्षेत्रफल के आधार पर अपने तहसील क्षेत्र के 25-25 बड़े ग्रामों की सूची एक सप्ताह के अन्दर जिला स्तरीय निगरानी समिति को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इन ग्रामों में रासायनिक उर्वरकों के संतुलित प्रयोग को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक खेती को अपनाने हेतु किसानों को प्रेरित करने के लिये कृषि विज्ञान केन्द्र, बेलाताल के नेतृत्व में कृषि, सहकारिता, उद्यान मिलकर एक कार्य योजना बनाकर उसके अनुरूप प्रभावी कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उक्त के अतिरिक्त फसलो/मत्सय/पशुपालन एवं उद्यान विभाग अपने से सम्बंधित संशोधित वित्तमान का निर्धारण कर बैंकर के सहमति उपरान्त अनुमोदन कराले ताकि वर्ष 2026-27 में कृषकों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
