Home CRIME NEWS फर्जी निकली सर्राफा दुकान में कथित चोरी की घटना

फर्जी निकली सर्राफा दुकान में कथित चोरी की घटना

0

थाना खन्ना पुलिस द्वारा किया गया प्रकरण का सफल अनावरण

शिकायतकर्ता ने झूठी सूचना देकर दर्ज कराया गया था चोरी का मुकदमा

थाना खन्ना पुलिस की सतर्कता से साजिश का हुआ पर्दाफाश

रिपोर्ट-श्रद्धांजलि नामदेव

खन्ना/महोबा । थाना क्षेत्र अन्तर्गत बीते दिनों सर्राफा दुकान में हुई चोरी की घटना फर्जी निकली पुलिस की जांच में यह खुलासा किया गया है बताया जाता है कि विगत 09 जनवरी 2026 को थाना खन्ना क्षेत्र अन्तर्गत वादी साहिल सोनी पुत्र स्व. नरेश चन्द्र सोनी निवासी ग्राम कहरा द्वारा थाना उपस्थित होकर एक लिखित सूचना दी गई थी कि दिनांक 08/09.01.2026 की रात्रि में उनके घर में स्थित सोने-चाँदी की दुकान की अलमारी से अज्ञात चोरों द्वारा काफी मात्रा में सोने-चाँदी के आभूषण एवं 30,000/- रुपये नगद चोरी कर लिए गए हैं। उक्त सूचना के आधार पर थाना खन्ना में मुकदमा धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
 वादी द्वारा अपने बयान में यह भी बताया गया था कि अज्ञात चोर घर की दीवार पर चढ़कर दो-मंजिला छत के रास्ते घर में प्रवेश कर आए तथा उनकी दादी के हाथ-पैर बाँध दिए और अलमारी का ताला तोड़कर लगभग 40 ग्राम सोना, 3.5 किलोग्राम चाँदी के आभूषण एवं 30,000/- रुपये नगद चोरी कर लिए। घटना के त्वरित एवं सफल अनावरण हेतु पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना खन्ना के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा गहन विवेचना की गई, साथ ही प्रकरण में जनपदीय स्वॉट/सर्विलांश का भी सहयोग लिया गया। विवेचना के दौरान घटनास्थल के निरीक्षण, साक्ष्यों के परीक्षण एवं वादी से गहन पूछताछ करने पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि कथित चोरी की घटना वास्तव में घटित नहीं हुई थी। पूछताछ में वादी साहिल सोनी द्वारा स्वयं स्वीकार किया गया कि उसके पिता स्व.नरेश चन्द्र सोनी द्वारा कई व्यक्तियों के जेवरात गिरवी रखे गए थे, जिन्हें वापस न करना पड़े, इसी उद्देश्य से वादी के द्वारा सुनियोजित तरीके से चोरी की झूठी सूचना देकर, चोरी का अभियोग पंजीकृत कराया था। प्रकरण की जांच व पूछताछ में वादी द्वारा अपनी गलती स्वीकार की गई। थाना खन्ना पुलिस द्वारा प्रकरण का विधिवत खुलासा कर लिया गया है तथा प्रकरण में सम्बन्धित द्वारा झूठी एवं भ्रामक सूचना दिए जाने के सम्बन्ध में वादी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम  विधिक कार्यवाही प्रचलित कर दी गयी है। जनपद पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की झूठी सूचना, भ्रामक घटना अथवा फर्जी अभियोग दर्ज कराने से बचें, अन्यथा दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्यवाही की जाएगी। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना खन्ना क्षेत्र अन्तर्गत सर्राफा दुकान में चोरी होने की घटना विवेचना के दौरान फर्जी एवं मनगढ़ंत पायी गई सम्बन्धित के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

Exit mobile version