सड़कों पर विचरण कर रहे गौवंशों को कैटिल कैचर के माध्यम से कान्हा गौशाला में संरक्षित कराने के निर्देश
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किया गया बैठक का आयोजन
रिपोर्ट-इमामी खां
महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में गौवंश संरक्षण/संवर्धन के सम्बन्ध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक का कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजन किया गया। जिलाधिकारी द्वारा जनपद अन्तर्गत् राष्ट्रीय राजमार्गों सड़कों व ग्रामीण क्षेत्रों में विचरण कर रहे निराश्रित गौवंशों को कैटिल कैचर के माध्यम से समस्त निराश्रित / बेसहारा गौवंशों को निकटस्थ के गौवंश आश्रय स्थल में संरक्षित किये जाने एवं बुधवार तक सभी गो-आश्रय स्थलों में सीसीटीवी कैमरा लगवाये जाने हेतु समस्त खण्ड विकास अधिकारी/अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत को निर्देशित किया गया। नगर पालिका परिषद खरेला, कुलपहाड़ व चरखारी में सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित गौवंशों को कैटिल कैचर के माध्यम से कान्हा गौशाला में संरक्षित कराये जाने हेतु कड़ाई से निर्देशित किया गया तथा विकास खण्ड-चरखारी का कैटिल कैचर एक सप्ताह खरेला में निराश्रित गौवंश के संरक्षण के सम्बन्ध में भ्रमण हेतु निर्देश दिये गये। समस्त उपजिलाधिकारियों को गोचर भूमि की सूचना उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देशित किया तथा विगत वर्ष की भांति समस्त गोचर भूमि में नैपियर घास उगाये जाने के सम्बन्ध में निर्देश दिये गये, जिससे कि जनपद में संचालित अस्थाई / स्थायी गौवंश आश्रय स्थल में संरक्षित गौवंशों को हरा चारा उपलब्ध हो सके। जनपद में संचालित गौवंश आश्रय स्थल में संरक्षित गौवंशों को ठण्ड से बचाव के लिए त्रिपाल, अलाव, गुड़ एवं पीने के लिए ताजे पानी की व्यवस्था तथा बीमार गौवंश का समुचित उपचार किये जाने के निर्देश दिये गये। सभी उपजिलाधिकारी/खण्ड विकास अधिकारियों को प्रत्येक माह की दिनांक 21 से 25 तक समस्त गौवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण कर गौवंशों की वास्तविक संख्या का फण्ड रिक्वेस्ट से मिलान कर भिन्नता पाये जाने पर संबंधित ग्राम प्रधान/ग्राम सचिव के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। गौवंशों को निर्धारित समय सारणी के अनुसार सुबह एवं शाम को चारा/भूसा,चूनी चोकर तथा हरा चारा दिया जाये, जिसकी निगरानी जनपद स्तर पर स्थापित कन्ट्रोल रूम से की जाये।
