Home CRIME NEWS पति से विवाद के बाद हत्यारिन बनी पत्नी ने अपनी ही मासूम...

पति से विवाद के बाद हत्यारिन बनी पत्नी ने अपनी ही मासूम बेटी को उतारा मौत के घाट

0

बेटी को जान से मारने के बाद माँ ने खुद भी लगाई फाँसी

रिपोर्ट-इमामी खां

महोबा । मोबाइल पर पति से हुए विवाद के बाद मायके में रह रही महिला ने मासूम बेटी को फांसी लगाकर मौत की नींद सुला दिया। महिला ने खुद भी जान देने का प्रयास किया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जाँच पड़ताल शुरु कर दी है। मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राप्त विवरण के अनुसार शहर के गांधी नगर डीएम बंगला के पीछे के निवासी स्व प्रभूदयाल अहिरवार की पुत्री 30 वर्षीय खुशबू   अहिरवार की शादी चरखारी के खंदिया वार्ड निवासी अरविंद्र के साथ 9 जुलाई 2022 को हुई थी। शादी के बाद कुछ समय बाद पति- पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। विवाद के चलते खुशबू अपनी मां उमा देवी के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार को खुशबू का पति अरविंद्र के साथ फोन पर विवाद हो गया। जिसके बाद आगबबूला खुशबू ने देर शाम को अपनी मासूम बेटी ऋषिका को फांसी लगाकर मार डाला। एक घंटा तक महिला अपनी मासूम बेटी को फांसी पर लटकता देखती रही। बाद में महिला ने खुद भी फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया मगर वह सफल न हो सकी। जिसके बाद बगल के कमरे में लेटे अपने भाई पवन को बताया कि उसने किट्टों उर्फ ऋषिका को फांसी लगाकर मार डाला है। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में मासूम को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने परीक्षण उपरान्त उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से जाँच पड़ताल शुरू कर दी है । फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर भेजा गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बाद में मां उमा देवी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपित मां खुशबू के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह का कहना है कि मां की तहरीर पर आरोपित बेटी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जाँच पड़ताल कर रही है!

जन्मदिन के एक दिन पूर्व ही माँ ने मासूम बेटी की कर दी हत्या

महोबा। मासूम एक साल पहले 15 अक्टूबर 2024 को पैदा हुई थी। पहले जन्मदिन के एक दिन पूर्व ही मासूम की हत्या उसे जन्म देने वाली मां ने कर दी। खुशबू ने नौ माह तक जिस बेटी को कोख में पाला जन्म के एक साल बाद ही अपने हाथों से मां की ममता का गला घोंटकर मासूम बेटी को मौत के घाट उतार दिया। जिसने भी मामले को सुना  कलयुगी मां को कोस रहा है।

Exit mobile version